अजब गजब

सूर्य कुमार यादव ने फिर रचा इतिहास, अकेले अपने दम पर IPL 2023 में मुंबई इंडियंस को टॉप 3 में करवाई एंट्री।

Surya Kumar Yadav created history again, single-handedly made Mumbai Indians enter the top 3 in IPL 2023.

Join us Now

हमारे Talegram से जुड़े
Join Now
हमारे Google News से जुड़े
Join Now

नाम.. सूर्यकुमार यादव। काम… अकेले दम पर मुंबई इंडियंस को IPL 2023 के टॉप 3 में एंट्री दिलाना। आलोचकों को दिखाना कि आज भी सूर्यकुमार यादव दुनिया का नंबर वन T-20 बल्लेबाज है। उसके आगे पीछे दूर-दूर तक कहीं कोई नहीं है। गेंद 35… रन 83… चौके 7… छक्के 6… स्ट्राइक रेट 237…। RCB के दिए 200 के टारगेट के सामने 5 ओवर की समाप्ति के बाद MI का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 52 रन था। वानिंदु हसरंगा ने एक ही ओवर में ईशान किशन और रोहित शर्मा को पवेलियन भेजकर दबाव बढ़ा दिया था। सेकंड डाउन बल्लेबाजी करने वानखेड़े स्टेडियम के चहेते सूर्यकुमार यादव मैदान पर उतरे। अगर मुंबई इंडियंस यह मुकाबला हार जाती, तो उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल हो जाती।

हर्षल पटेल के 7वें ओवर की पहली धीमी गेंद को डीप मिडविकेट की दिशा में सूर्या ने 4 रन के लिए भेज दिया। विजय कुमार के 8वें ओवर की दूसरी गेंद शॉर्ट एंड वाइड थी। सूर्या टॉप ऑफ द बाउंस पर आए और पॉइंट की दिशा में कट शॉट पर चौका हासिल कर लिया। ‘द सूर्यकुमार यादव शो’ शुरु हो चुका था। 11वें ओवर की दूसरी गेंद हसरंगा ने शॉर्ट डाली। सूर्या ने पलक झपकते ही इसे डीप मिडविकेट बाउंड्री के बाहर सिक्सर के लिए स्मैश कर दिया। जैसे ही गेंद बल्ले से निकली, मानो इसपर छक्के की छाप लगी थी। वानखेड़े स्टेडियम सूर्या के जयकारों से गूंज उठा।

हेजलवुड के 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने रैम्प शॉट के जरिए चौका हासिल कर लिया। अगली गेंद हेजलवुड ने धीमी गति के साथ डाली। सूर्या गेंद के नीचे गए और शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर से स्कूप शॉट खेलते हुए चौका लगा दिया। इस शॉट के बाद समझ आ गया था कि आज सूर्यकुमार यादव को रोकना किसी के बूते का नहीं है। हर्षल पटेल ने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद कटर डिलीवरी आउटसाइड ऑफ डाली। सूर्या ने इंतजार किया और पॉइंट की दिशा में खूबसूरत टाइमिंग के साथ पंच करते हुए चौका जड़ दिया। यह शॉट बेहद आकर्षक था।

मोहम्मद सिराज ने 14वें ओवर की दूसरी गेंद आउटसाइड ऑफ डाली। सूर्या ने कसकर प्रहार किया और बल्ले का किनारा लेकर गेंद शॉर्ट थर्डमैन बाउंड्री के बाहर चली गई। अगली गेंद सिराज ने फुलर लेंथ की डाली। सूर्या ने लॉन्गऑन के ऊपर से गगनचुंबी छक्का लगा दिया। इसी के साथ वह 49 पर पहुंच गए। अगली फुल लेंथ गेंद को ड्राइव करते हुए सूर्या ने 2 रन बटोरे और 26 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। पर सूर्यकुमार यादव जानते थे कि अभी काम अधूरा है। हसरंगा के 15वें ओवर की पहली टॉस्ड अप डिलीवरी को सूर्या ने स्लॉग स्वीप के जरिए डीप मिडविकेट स्टैंड में भेज दिया। इनक्रेडिबल हिटिंग फ्रॉम सूर्या।

ओवर की तीसरी गेंद फिर से टॉस्ड अप और नतीजा वही छक्के के लिए डीप मिडविकेट स्टैंड। सूर्यकुमार यादव हर हाल में जल्द से जल्द मैच खत्म कर देना चाहते थे। विजय कुमार के 16वें ओवर की दूसरी गेंद हाइट वाली नो बॉल निकली। सूर्या ने फाइन लेग ऊपर से पुल करते हुए छक्का उड़ा दिया। अगली फ्री हिट बॉल शॉर्ट आउटसइड ऑफ। जवाब में पॉइंट के ऊपर से स्लैश करते हुए सूर्या का चौका। तीसरी गेंद पैड्स पर फुलटॉस और जवाब में स्क्वायर लेग के आसमान में गगनचुंबी छक्का। चौथी गेंद पर सूर्या पुल शॉट को ठीक तरीके से टाइम नहीं कर पाए और केदार जाधव को कैच दे बैठे।

जिस वक्त सूर्या बल्लेबाजी करने आए थे, मुंबई को जीत के लिए 90 गेंद पर 148 रनों की दरकार थी। जब सूर्या वापस लौटे, तब जीत के लिए 25 गेंद पर सिर्फ 8 रन बनाने थे। सूर्यकुमार यादव ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से बड़े स्कोर वाले मुकाबले को एकतरफा कर दिया। सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल की अंतिम 6 पारियों में 4 अर्धशतक लगाए हैं। यह बताने के लिए काफी है कि सूर्या किस खतरनाक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। जो लोग सूर्यकुमार यादव की आलोचना कर रहे थे, उन्हें करारा जवाब मिल गया है। बादल कुछ दिनों तक सूर्या को ढक तो सकता है, लेकिन फिर सूर्या की रोशनी उसे चीर कर बाहर जरूर निकलती है।

बॉलीवुड की मशाला न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें सिर्फ़ Khabar Bharat Tak पर बॉलीवुड की खबरें , अजब गजब खबर , बिजनेस खबर , टीवी जगत की खबर , तकनीक खबर , जानकारी खबर ये सभी खबरें भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ वेबसाइट Khabar Bharat Tak पर |

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button